जनता की शिकायतों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं – डीएम स्वाति एस. भदौरिया

  • जनता मिलन में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सुनीं 20 शिकायतें, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
  • शिकायत निस्तारण की आख्या के साथ शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से देनी होगी सॉफ्ट कॉपी
  • वीसी में शामिल नहीं हुए अधिकारियों पर नाराजगी, नोटिस जारी करने के निर्देश

पौड़ी। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का सभी स्तरों पर प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्रवाई की आख्या जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के साथ उसकी सॉफ्ट कॉपी संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा

जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयावधि के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में वीसी के माध्यम से शामिल नहीं होने वाले अधिकारियों के प्रति जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

थली दान्दली में पेयजल समस्या पर अगले दिन मौके पर पहुंचेगा जेई

ग्रामसभा थली दान्दली के ग्रामीणों की पेयजल संबंधी शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को निर्देश दिए कि अगले ही दिन संबंधित जेई को मौके पर भेजकर समस्या का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पूर्व सूचना देते हुए उनकी मौजूदगी में समस्या का निरीक्षण किया जाए और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।

किसान सम्मान निधि नहीं मिलने पर तत्काल जांच के निर्देश

विकासखंड दुगड्डा के ग्राम सिरसू निवासी त्रिलोक सिंह ने नवंबर 2025 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक के बाद शिकायतकर्ता को अपने कार्यालय ले जाकर प्रकरण की जांच करें और समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

भूमि अधिग्रहण मामले में एसडीएम करेंगे व्यक्तिगत जांच

तहसील चाकीसैण के ग्राम तरपाली निवासी उमेद सिंह ने एनएच-309 धुमाकोट के तहत तरपालीसैंण में आरसीसी सेतु निर्माण के दौरान बिना अनुमति उनकी भूमि अधिग्रहित किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चाकीसैण को प्रकरण की व्यक्तिगत रूप से जांच करने तथा नियमानुसार प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तीन माह से बंद मातृ-शिशु केंद्र का होगा औचक निरीक्षण

तहसील पौड़ी के मंजेड़ा गांव निवासी जयपाल सिंह बिष्ट ने बणगांव स्थित मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में विगत तीन माह से कर्मचारी तैनात न होने और केंद्र बंद होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को केंद्र का औचक निरीक्षण करने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बाघ-तेंदुए की गतिविधियों पर बढ़ेगी निगरानी

रिखणीखाल वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष जेएस बिष्ट ने क्षेत्र में बाघ और तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से उत्पन्न भय को लेकर छह बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी के लिए वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए तथा उपलब्ध उपकरणों के माध्यम से भी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

शिकायत पर बीरोंखाल में लगा राजस्व कैंप, मौके पर निस्तारित हुए मामले

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बीरोंखाल के सिंदुड़ी तल्ली निवासी दिनेश गुसाईं ने भूमि की रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए तहसील लैंसडौन के चक्कर लगाने की समस्या बताते हुए बीरोंखाल में राजस्व कैंप लगाने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 6 अगस्त 2026 को बीरोंखाल में राजस्व कैंप आयोजित किया गया, जहां क्षेत्रवासियों के राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

इसी प्रकार ग्राम कण्डारा निवासी हुकम सिंह की स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत का जल संस्थान ने तत्काल संज्ञान लिया। पाइपलाइन की समस्या दूर कर 21 जुलाई 2026 को मरम्मत कार्य पूरा किया गया और स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई। विभाग ने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर जलापूर्ति बहाल होने की पुष्टि भी की।

भूमि सीमांकन की शिकायत का भी हुआ त्वरित समाधान

सतपुली तहसील के ग्राम कन्दोली, पट्टी कौड़िया-01 निवासी विजय कुमार पुत्र विश्वंभर दत्त ने भवन निर्माण में आ रही अड़चनों के चलते अपने हिस्से की भूमि का सीमांकन कराने की मांग की थी। शिकायत पर राजस्व विभाग ने नियमानुसार भूमि का सीमांकन कराकर प्रकरण का त्वरित निस्तारण किया।

अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, विद्युत विभाग से अभिनव रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खड़गे के दौरे की सफलता से भाजपा बौखलाई : धस्माना

Mon Aug 10 , 2026
गढ़वाल, कुमाऊं और तराई में कांग्रेस की लहर, आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने का दावा। देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी और रुद्रपुर दौरे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!