सीएम धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा लगाकर दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास, मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है, इसलिए प्रदेश का प्रत्येक परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की अपनी गौरवशाली परंपरा को और सशक्त बनाए।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें तथा अपने परिवार, बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और अधिक सुदृढ़ करें।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पीपलकोटी टनल हादसा: नौ मजदूरों की मौत, छह अब भी लापता

Fri Aug 14 , 2026
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम हुए भीषण हादसे में अब तक नौ मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि छह मजदूरों की तलाश जारी है। टनल में अचानक भारी मात्रा में पानी, पत्थर और मलबा घुसने से वहां काम […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!