विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा, सीएम धामी बोले- प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को बनाएंगे अग्रणी राज्य

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को नमन किया और विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प लिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने सेवा ज्योति कलश यात्रा में भी भाग लिया और प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर आधारित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने पिछले 25 वर्षों में सेवा और सुशासन को अपने जीवन का मिशन बनाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की जनधन, जल जीवन, आयुष्मान और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘उत्तराखंड दशक’ के विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार पहाड़ में रेल, उद्योग, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ पलायन रोकने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है और 20 हजार से ज्यादा नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होमस्टे की संख्या में भी 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है।

mashal jyoti

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उत्तराखंड को एसडीजी इंडेक्स में देश में पहला स्थान मिला है और लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का पुरस्कार भी मिला है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

उत्तरकाशी के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण का परीक्षण कराने की बात भी कही।

उन्होंने भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी और जल्द स्वीकृति के लिए प्रयास करने की बात कही। डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल को पर्यटन मानचित्र पर विकसित करने तथा सौंदर्यीकरण के कार्य आगे बढ़ाने की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धौंतरी स्वास्थ्य केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर किए जाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये लेने के दावे पर भड़के विराट कोहली, कहा-प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था और श्रद्धा

Wed Oct 7 , 2026
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये लेने के दावे को उनकी टीम ने सिरे से खारिज कर दिया है। कोहली के प्रवक्ता ने बयान जारी कर इस दावे को झूठा, बेबुनियाद और तथ्यों से परे बताया है। […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!