हरिद्वार में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’, गंगाजल लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष का संकल्प

हरिद्वार। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ निकाली। शिवमूर्ति चौक से शुरू हुई यात्रा सुभाष घाट तक पहुंची। इसमें उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत शहर कोतवाली के सामने स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कांग्रेस नेताओं ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद सुभाष घाट पहुंचकर मां गंगा का पूजन किया। इस दौरान कुमारी सैलजा, गणेश गोदियाल और करन माहरा समेत कई नेता गंगा में उतरे और गंगाजल हाथ में लेकर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी नेता और कार्यकर्ता मां गंगा की शरण में देश, संविधान और आम नागरिकों की रक्षा की प्रार्थना करने पहुंचे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सैलजा ने दावा किया कि एसआईआर को लेकर राज्य स्तर से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन उनका समाधान नहीं हुआ।

सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आम जनता और राजनीतिक दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पूरे प्रदेश में अभियान चलाएगी और लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने मां गंगा की शरण में आकर लोकतंत्र को मजबूत करने और सरकार को सद्बुद्धि देने की कामना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोदियाल ने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है और कांग्रेस इसकी रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरिद्वार से शुरू हुई ‘वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा’ को प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए मतदाता सूची, मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाएगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भालू के आतंक से दहशत में पोखरी के गांव, यूकेडी ने घेरा वन विभाग

Wed Oct 7 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लाॅक के सिदोली गांव में देवरानी-जिठानी में भालू के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने बुधवार को वन विभाग पोखरी का घेराव किया। जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेंजर को […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!