कुंभ मेला-2027 और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत, सीएम धामी ने 4 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, कुंभ मेला-2027 की अवस्थापना सुविधाओं और अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए करीब ₹4 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि में सड़क एवं पुल निर्माण के साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों को किराये, आवास क्षति और राहत के लिए सहायता शामिल है।

मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिजटी राज्यमार्ग संख्या-41 के किमी 36 में निहाल नदी पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 21 मीटर विस्तार के आरसीसी सेतु के निर्माण के लिए ₹3.96 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया है। इससे क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने और बरसात के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में मदद मिलेगी।

वहीं, उत्तरकाशी के ग्राम मोल्डा में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से प्रभावित सात परिवारों को छह माह तक अन्यत्र किराये के भवन में रखने के लिए ₹4 हजार प्रतिमाह की दर से कुल ₹1.68 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र के पथरियापीर में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित चार परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने के लिए कुल ₹96 हजार की धनराशि मंजूर की गई है।

अल्मोड़ा जिले में एक सितंबर 2026 को प्राकृतिक आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवासीय भवन के प्रभावित परिवार को ₹3 लाख की सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा में मृतकों के आश्रितों को एसडीआरएफ के मानकों के तहत अनुमन्य राहत राशि के अतिरिक्त एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के लिए भी ₹3 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत किए गए हैं।

इसके साथ ही हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत कार्यों के तहत निर्धारित ₹100 करोड़ की सीमा में द्वितीय चरण की अवशेष धनराशि ₹20 लाख की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से एक ओर जहां महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल निर्माण कार्य को गति मिलेगी, वहीं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गौरव की उपलब्धि – मुख्यमंत्री धामी

Wed Oct 7 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले नव-साक्षरों को सम्मानित […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!