पटवारियों की कमी से ग्रामीण परेशान, छह क्षेत्र खाली

गोपेश्वर (चमोली)। तहसीलदार के सेवानिवृत्त होने के बाद नारायणबगड़ तहसील में प्रशासनिक और राजस्व व्यवस्था पर संकट गहरा गया है। आठ पटवारी क्षेत्रों में छह क्षेत्र खाली हैं और तहसील में महज दो पटवारियों के भरोसे राजस्व कामकाज चल रहा है, वहीं कनिष्ठ सहायक का भी सिर्फ एक पद कार्यरत है। इससे प्रमाण-पत्र, भूमि संबंधी मामलों, दाखिल-खारिज और विरासत जैसे कामों के लिए ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव संदीप कुमार ने उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर तहसीलदार समेत रिक्त राजस्व और लिपिकीय पदों पर जल्द तैनाती की मांग की है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को तहसीलदार के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद भी खाली हो गया है। 79 ग्राम पंचायतों वाली पर्वतीय तहसील में पहले से ही कार्मिकों की कमी है, ऐसे में तहसीलदार का पद रिक्त होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि दूरस्थ गांवों के लोगों को आय, जाति, स्थायी निवास, भूमि संबंधी कार्य, दाखिल-खारिज, विरासत और अन्य राजस्व कार्यों के लिए तहसील मुख्यालय आना पड़ता है। पर्याप्त कार्मिक नहीं होने से मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है और लोगों को समयबद्ध सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

कांग्रेस ने तहसीलदार की जल्द तैनाती के साथ छह रिक्त पटवारी क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। नियमित नियुक्ति होने तक अतिरिक्त तहसीलदार और राजस्व उपनिरीक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आग्रह किया है।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सीएम पुष्कर सिंह धामी के “लोकल से ग्लोबल” विजन को पंख, “हाउस ऑफ हिमालयाज” का कारोबार 06 करोड़ पार

Wed Oct 7 , 2026
हाउस ऑफ हिमालयाज उत्पादों की बिक्री आंकड़ा 06 करोड़ के पार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन से मिली मजबूत ब्रांडिंग सीएम पुष्कर सिंह धामी की पहल से ग्रामीण उद्यमी लाभांवित देहरादून : राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!