नंदा जात यात्रा में ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

  • एसपी की अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं और अपराधों के निस्तारण पर जोर
  • बदरीनाथ में बढ़ती भीड़ को लेकर पुलिस अलर्ट

गोपेश्वर (चमोली)। नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के दौरान दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में बेहतर ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने सम्मानित किया। निरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद चैरसिया और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। अन्य सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस कार्यालय गोपेश्वर के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन में एसपी ने नंदा जात यात्रा के सफल संचालन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाई।

छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भी एसपी ने सराहना की। उन्होंने आगामी आयोजनों में भी सतर्कता और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

बदरीनाथ में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने और पितृपक्ष के चलते बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। एसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं पहले से मजबूत रखने को कहा।

हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के दौरान संभावित वीआईपी और वीवीआईपी भ्रमण को लेकर भी तैयारियां पूरी रखने को कहा गया। जिले में संभावित वीवीआईपी कार्यक्रमों के लिए भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पहले से आकलन करने पर जोर दिया गया।

भराड़ीसैंण में संभावित आगामी मानसून सत्र को देखते हुए भी पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कमियां समय रहते दूर करने और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।

अपराध और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों के जल्द निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। लंबित मालों के निस्तारण और अनावश्यक रूप से लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक और ई-साइन जैसे डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न पोर्टलों पर लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया।

गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे सहित जिले के थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पौड़ी गढ़वाल : भालू ने महिला पर किया हमला, मौत

Fri Oct 2 , 2026
पौड़ी : उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों का खतरा लगातार बना रहता है। गुलदार और भालू के हमलों की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। इसी कड़ी में पौड़ी गढ़वाल से एक घटना सामने आई है, जहां बकरियां चराने और घास काटने जंगल […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!