एसआईआर के बाद चमोली में 2.76 लाख मतदाता, अंतिम सूची जारी

  • 3,820 नाम बढ़े, थराली में सबसे ज्यादा 98,053 मतदाता

गोपेश्वर (चमोली)। एसआईआर के बाद चमोली की अंतिम मतदाता सूची शनिवार को जारी हो गई। जिले की तीनों विधानसभा सीटों में अब 2,76,007 मतदाता हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिलाएं और एक अन्य मतदाता शामिल हैं। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 3,820 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।

एसआईआर शुरू होने से पहले आठ जून को जिले में 2,95,623 मतदाता थे। 14 जुलाई को जारी प्रारंभिक सूची में यह संख्या घटकर 2,72,187 रह गई थी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे-आपत्तियां ली गईं और 13 अगस्त से 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसी प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची तैयार की गई।

थराली विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 98,053 मतदाता हैं। इनमें 51,056 पुरुष और 46,997 महिलाएं हैं। बदरीनाथ में 91,555 मतदाता हैं। इनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिलाएं और एक अन्य मतदाता शामिल है। कर्णप्रयाग में 86,399 मतदाता हैं। इनमें 43,672 पुरुष और 42,727 महिलाएं हैं।

अंतिम सूची में नाम नहीं जुड़ पाने वाले पात्र लोग अब भी प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के साथ संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

बूथ स्तरीय अधिकारी पुरानी और मौजूदा मतदाता सूची का मिलान कर उन लोगों को चिह्नित करेंगे, जिनके नाम पहले थे लेकिन अब नहीं हैं। उनके घर जाकर जानकारी ली जाएगी और पात्र लोगों के नाम दोबारा सूची में शामिल कराने में मदद की जाएगी।

पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ ही छूटे पात्र मतदाताओं, बेघर लोगों, मजदूर बस्तियों और रात्री आश्रय स्थलों में रहने वाले पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।

अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बूथ स्तरीय अधिकारी से भी जानकारी ली जा सकती है।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एबीवीपी के पक्ष में मतदान का आरोप, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष निष्कासित

Sun Oct 4 , 2026
एबीवीपी के पक्ष में मतदान कराने की शिकायत पर संगठन की कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने जारी किया आदेश गोपेश्वर (चमोली)। छात्र महासंघ चुनाव के दौरान संगठन के निर्देशों के विपरीत काम करने के आरोप में एनएसयूआई चमोली के जिलाध्यक्ष विपिन फरसवान को पद से निष्कासित कर दिया गया […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!